गुवाहाटी, 28 फ़रवरी 2026। असम में भाजपा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 25 फरवरी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। अपने चौथे असम प्रवास के दौरान उन्होंने गुवाहाटी, तिनसुकिया, डूमडूमा, सदिया और लखीमपुर में संगठनात्मक बैठकें कीं और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

उप मुख्यमंत्री ने सभी जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को बूथ प्रबंधन को सशक्त बनाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत करके विकास एवं सुशासन की यात्रा आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से राज्य में विकास की गति और तेज हुई है।
बैठकों में भाजपा प्रदेश सचिव महेश देवड़ा, डूमडूमा विधायक रूपेश गोवाला, लखीमपुर विधायक मानव डेका सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लिया।





