प्रमोद कुमार
रायपुर, 03 मार्च 2026

जिन्दल फाउंडेशन की चेयरपर्सन और ओ.पी. जिन्दल यूनिवर्सिटी की कुलाधिपति शालू जिंदल ने सामाजिक विकास में स्वच्छता की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सुलभ और गरिमापूर्ण स्वच्छता केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि स्वस्थ और विकसित समाज की अनिवार्य बुनियाद है।
सोमवार को भुवनेश्वर में भुवनेश्वर नगर निगम के सहयोग से एक पूर्ण सुसज्जित ट्रक-माउंटेड ‘मोबाइल सैनिटेशन यूनिट’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह यूनिट शहर में आयोजित बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और त्योहारों के दौरान नागरिकों को स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराएगी।

इस अवसर पर शालू जिंदल ने कहा, “हमारा दृढ़ विश्वास है कि आम लोगों की स्वच्छता तक पहुंच, स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। बढ़ते शहरीकरण और बड़े आयोजनों के दौर में ऐसी सुविधाओं की जरूरत पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यह मोबाइल यूनिट भुवनेश्वर को स्वच्छ और आदर्श शहर बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।”
कार्यक्रम में सुलोचना दास (मेयर, भुवनेश्वर नगर निगम), डिप्टी मेयर मंजुलता कन्हार, कमिश्नर चंचल राणा, एडिशनल कमिश्नर कैलाश चंद्र दास, स्वच्छता स्थायी समिति के प्रमुख बिरंची नारायण महासुपाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मेयर सुलोचना दास ने जिन्दल फाउंडेशन का आभार जताते हुए कहा कि यह सैनिटेशन यूनिट बड़े आयोजनों में नागरिकों और आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा ऐसी साझेदारियां शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह विशेष रूप से डिजाइन की गई ट्रक-माउंटेड सुविधा पुरुषों और महिलाओं दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
- पुरुष अनुभाग में एक वेस्टर्न टॉयलेट, एक इंडियन टॉयलेट, तीन यूरिनल और एक वॉश बेसिन की व्यवस्था है।
- महिला अनुभाग में दो इंडियन टॉयलेट, एक वेस्टर्न टॉयलेट और एक वॉश बेसिन उपलब्ध है।
यूनिट में निर्बाध संचालन के लिए डीजल जनरेटर की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक अनुभाग में एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। अंत में जिन्दल स्टील के सीएसआर हेड ऋषि पठानिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।





