बालोद, 05 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में वन विभाग के चौकीदार की मौत हो गई। दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर मेन रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड ट्रक के अगले पहियों में फंस गई और ट्रक करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए राम मंदिर के पास तक पहुंच गया। हादसे में चौकीदार का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना डौंडी नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान श्याम सिंह मसीयारे (53) के रूप में हुई है, जो ग्राम परसदा का रहने वाला था और वन विभाग में वॉचमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि 5 मार्च को होली के दूसरे दिन वह किसी काम से घर से निकला था। कच्चे रास्ते से मुख्य सड़क पर पहुंचते ही दल्लीराजहरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक (CG04 LM 3499) ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों व व्यापारियों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने सड़क पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





