दुर्ग, 07 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को अवैध अफीम की खेती के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की भी एंट्री हो गई है। समोदा गांव में उनके खेत में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिलने पर 6 मार्च को समोदा गांव स्थित खेत में छापेमारी की गई। जांच के दौरान करीब डेढ़ एकड़ जमीन में अवैध रूप से अफीम के पौधे लगे मिले। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की।

अफीम की खेती की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग खेत में पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, इस दौरान हल्की झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि जिस खेत में अफीम की खेती मिली है, वह भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेताओं का है। मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया था।
वहीं, अपनी सफाई में विनायक ताम्रकर ने कहा कि उन्हें खेत में अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि उन्होंने जमीन अधिया (आधी फसल के बंटवारे) पर दी थी और खेती करने वाले लोगों ने चोरी-छिपे यह काम किया।
इस मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने का काम कांग्रेस पार्टी करती रही है और अपराध के साथ उसकी संलिप्तता जगजाहिर है।
फिलहाल पुलिस और NCB की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध अफीम की खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





