प्रमोद कुमार
रायपुर, 7 मार्च 2026। कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बुड़ार की चार महिलाएँ—अंजनि, हीरा मनी, लीलावती और मित्तल—स्वच्छता की मिसाल बनकर उभरी हैं। पिछले तीन वर्षों से ये महिलाएँ स्वच्छता दीदी के रूप में कार्य करते हुए गाँव को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

ये चारों महिलाएँ सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करती हैं और ग्रामीणों को गीला व सूखा कचरा अलग रखने के लिए जागरूक भी करती हैं।
शुरुआत में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कई ग्रामीण कचरा अलग-अलग देने को तैयार नहीं थे और स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी कम थी। लेकिन महिलाओं ने धैर्य और लगातार प्रयास से लोगों को समझाया, जिसके परिणामस्वरूप अब पूरे गाँव में नियमित रूप से कचरा संग्रहण होने लगा है और स्वच्छता का माहौल बन गया है।
प्रशासन के सहयोग से इन महिलाओं को कबाड़ी व्यवसाय से भी जोड़ा गया, जिससे वे प्लास्टिक, कागज और अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री बेचकर अतिरिक्त आय प्राप्त कर रही हैं। इस कार्य से प्रत्येक महिला को प्रतिमाह लगभग 2 से 3 हजार रुपये की आय हो रही है। अब तक चारों महिलाएँ मिलकर करीब 2.5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर चुकी हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
महिलाओं के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा उन्हें ई-रिक्शा भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे कचरा संग्रहण का कार्य और आसान हो गया है। महिलाओं ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।





