प्रमोद कुमार
रायपुर, 09 मार्च 2025

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव में भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं। सोमवार को दोनों नेता छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचीं, जहां रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
प्रमाण पत्र लेने के बाद दोनों सांसदों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और गले मिलकर बधाई दी। इस दौरान विधानसभा परिसर में समर्थकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही, जिन्होंने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी के बाद मुकाबला खत्म हो गया था, जिसके चलते दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुईं। प्रमाण पत्र मिलने के बाद दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे राज्यसभा में प्रदेश और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी।
यह पहला मौका है जब राज्यसभा चुनाव में दोनों प्रमुख दलों ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं। अब इनमें से तीन सीटों पर महिला सांसद रहेंगी। हालांकि कांग्रेस की सांसद रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में समाप्त हो जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही महिला नेताओं ने 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन उस समय उन्हें मौका नहीं मिला था। अब पार्टियों ने उन्हें राज्यसभा भेजकर बड़ी जिम्मेदारी दी है।
फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आती हैं और कांग्रेस का बड़ा आदिवासी महिला चेहरा मानी जाती हैं। वे लगातार दूसरी बार राज्यसभा पहुंची हैं और वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
वहीं लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रही हैं। वे पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुकी हैं। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर संगठन में उनकी भूमिका को नई जिम्मेदारी दी है।





