प्रमोद कुमार
रायपुर, 10 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को विधानसभा भवन स्थित उनके कार्यालय में जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने बताया कि महादेव घाट पर प्रस्तावित इस बैराज के निर्माण से जगदलपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और धीरे-धीरे शांति स्थापित हो रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी सहमति दी गई है। किसानों तक पानी की बेहतर आपूर्ति और कम अपव्यय के लिए पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य बजट में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंद्रावती नदी के महादेव घाट पर बैराज निर्माण की घोषणा की गई है। इसके बनने से जगदलपुर शहर को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर निगम के सभापति खेम सिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, योगेन्द्र पाण्डेय, राणा घोष सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित थे।





