बस्तर, 11 मार्च 2026/ जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में छापेमारी कर अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग का मामला पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप जब्त किए गए।

खाद्य विभाग को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास एक घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा कर रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने प्रशांत महाजन के घर पर अचानक दबिश दी।
जांच के दौरान घर के भीतर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 3 रिफिलिंग पाइप भी जब्त किए गए।
प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव के कारण गैस आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। ऐसे में कुछ लोग इस स्थिति का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर गैस बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि LPG की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को गैस की नियमित और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।





