प्रमोद कुमार
रायपुर, 13 मार्च 2026/ प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष 2025 में आई बाढ़, फ्लैश फ्लड, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान मोन्था से प्रभावित राज्यों के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। इस फैसले के तहत छत्तीसगढ़ को 15 करोड़ 70 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई इस अतिरिक्त सहायता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में केंद्र का यह सहयोग राज्य के राहत और पुनर्वास कार्यों को गति देगा।
केंद्र सरकार के अनुसार यह राशि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) से जारी की जाएगी। इसका उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को तेज करने के लिए किया जाएगा, ताकि आपदा से प्रभावित लोगों को जल्द सहायता मिल सके।
केंद्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सहायता पहले से जारी की गई राशि के अतिरिक्त है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए राज्यों को बड़ी वित्तीय मदद दी है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के तहत 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपये, जबकि NDRF के माध्यम से 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
इसके अलावा आपदा जोखिम कम करने और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (SDMF) से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष (NDMF) से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार प्राकृतिक आपदाओं के समय राज्यों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।





