गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के केवची गांव स्थित HP Urmila Petroleum Petrol Pump में करीब 40 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप के संचालक प्रमोद सिंह परस्ते (53) ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पंप के मैनेजर लालजी पटेल (47), निवासी अमरपुर पेंड्रा, ने करीब 40 लाख रुपये का गबन किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शिकायत में बताया गया कि पंप के संचालन, आय-व्यय का हिसाब और दैनिक बिक्री रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी मैनेजर लालजी पटेल के पास थी। पंप संचालन के लिए State Bank of India की गौरेला शाखा से Hindustan Petroleum Corporation Limited की ई-डीलर फाइनेंसिंग स्कीम (e-DFS) के तहत करीब 67 लाख रुपये की वित्तीय सुविधा भी ली गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से उधारी या ऑनलाइन भुगतान पेट्रोल पंप के अधिकृत QR कोड के बजाय अपने निजी फोनपे नंबर पर जमा करवाता था। कुछ ग्राहकों ने रसीद और भुगतान के दस्तावेजों के साथ इसकी पुष्टि भी की है।
बैंक स्टेटमेंट और पंप के रिकॉर्ड का मिलान करने पर पता चला कि केवल नकद और अधिकृत ऑनलाइन भुगतान ही खाते में जमा हो रहे थे, जबकि निजी QR कोड में आई रकम का कोई हिसाब नहीं था। इसी तरीके से करीब 40 लाख रुपये का गबन होने की बात सामने आई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद 15 जनवरी 2026 को आरोपी मैनेजर को काम से हटा दिया गया था। पुलिस ने उसके बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच शुरू की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने कुछ रकम हर्बल लाइफ प्रोडक्ट में निवेश की थी और उसकी एक ईवी कार भी जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





