प्रमोद कुमार
रायपुर, 16 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद प्रदेश में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

प्रदेश के कुछ इलाकों में आज मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके साथ ही कई स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जशपुर में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जशपुर जिले के लिए सुबह 07:19 बजे से 10:19 बजे तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।





