खरोरा/मुरा, 16 मार्च 2026। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित लखनलाल मिश्र की पुण्यस्मृति में ग्राम मुरा स्थित पं. लखनलाल मिश्र सेवा परिसर में रविवार को 26वां नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 512 मरीजों का उपचार किया गया। सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं।

चिकित्सकीय जांच के दौरान 28 मरीजों को उन्नत उपचार और ऑपरेशन के लिए मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया। अगले दो दिनों में लगभग 30 अन्य मरीजों को भी शल्य चिकित्सा के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। इन मरीजों के ऑपरेशन, उपचार, आवागमन, रहने और भोजन का खर्च आयोजकों की ओर से वहन किया जाएगा।

शिविर में लगभग 230 लोगों की नेत्र जांच हुई, 430 लोगों ने बीपी और शुगर की जांच कराई, जबकि 12 लोगों ने ईएनटी जांच कराई। इसके साथ ही 45 शिशुओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पं. लखनलाल मिश्र की आवक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण और तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेयी और संघ के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्र ने कहा कि पिछले ढाई दशकों से यह स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित हो रहा है, जिससे हजारों ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है। उन्होंने पंडित लखनलाल मिश्र को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर राष्ट्र को सर्वोपरि रखा।
योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में जनसेवा का कार्य पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। मुरली मनोहर खंडेलवाल ने भी इसे सच्ची राष्ट्रसेवा का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम का संचालन सौरभ विश्वनाथ मिश्र ने किया, जबकि अंत में चिचोली के पूर्व सरपंच राजकुमार ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों सहित मितानिन पुष्पा संगहरे, कुमारी रात्रे, रमेश्वरी वर्मा और द्रौपदी भी उपस्थित रहीं।





