प्रमोद कुमार
रायपुर, 17 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ में मार्च के अंत में पंजीयन कार्यों को गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में अधिक से अधिक दस्तावेजों का पंजीयन सुनिश्चित करने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक कार्यालय, रायपुर ने आदेश जारी कर दिया है।

जारी निर्देश के अनुसार मार्च माह में आने वाले कुछ शासकीय अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि जमीन-जायदाद और अन्य दस्तावेजों का पंजीयन कार्य सुचारू रूप से किया जा सके और राजस्व प्रक्रिया प्रभावित न हो।
इन तारीखों को खुलेंगे पंजीयन कार्यालय:
- 22 मार्च – माह का चौथा रविवार
- 28 मार्च – माह का अंतिम शनिवार
- 29 मार्च – माह का अंतिम रविवार
- 31 मार्च – महावीर जयंती
सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंजीयकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही 31 मार्च तक बैंकिंग लेन-देन सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पंजीयन से जुड़ी राजस्व प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।





