प्रमोद कुमार
रायपुर, 18 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर सदन में जोरदार चर्चा होने की संभावना है। आज की कार्यवाही में जंबूरी में हुई अनियमितताओं और शालाओं के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का मुद्दा प्रमुख रूप से गूंजेगा।

सदन में आज शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, लखन लाल देवांगन और अरुण साव विभिन्न सवालों के जवाब देंगे। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण के तहत वन मंडल भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई और भारी वाहनों (हेवी माइल्स) के संचालन का मुद्दा भी उठेगा।
बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी इस मामले को सदन में जोर-शोर से उठाएंगे। वहीं तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में अनियमितताओं को लेकर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा।
आज की कार्यवाही में विधायक रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी द्वारा याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इसके अलावा चार संशोधन विधेयकों के पारित होने की भी संभावना है।
कुल मिलाकर, आज का दिन विधानसभा में शिक्षा, वन और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर काफी अहम और हंगामेदार रहने वाला है।





