बिलासपुर, 18 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक भिखारी ने तांत्रिक क्रियाओं के चक्कर में अपने ही जीवन का अंत कर लिया। ग्राम जोंधरा निवासी चंदन नट (45) ने मंगलवार शाम अपने घर के पूजा कमरे में खुद का गला काट लिया। घटना की जानकारी सबसे पहले उनकी बहू को लगी, जब उसने पूजा कमरे में चंदन को खून से लथपथ पाया।

चंदन नट भीख मांगकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। बताया गया कि लगभग चार महीने पहले भी उसने खुद का हाथ काटने का प्रयास किया था। मंगलवार शाम वह अपने बड़े भाई के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। भाई के जाने के बाद वह पूजा कमरे में गया और तांत्रिक क्रियाओं में लिप्त होकर यह कदम उठाया।
बहू की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और चंदन को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत बिलासपुर से डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम बुलाकर स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





