बिलासपुर / रायगढ़

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित जलाशय का एक हिस्सा अचानक टूटने से देर रात हड़कंप मच गया। तेज बहाव के साथ पानी एक दर्जन से ज्यादा गांवों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया और प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह जलाशय भूपदेवपुर क्षेत्र में स्थित है। पिछले दो दिनों से किसान सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर कुछ किसानों ने खुद पानी निकालने की कोशिश की। इसी दौरान डैम का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पानी तेजी से गांवों की ओर बह निकला।
घटना के बाद प्रशासन और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालने की कोशिश शुरू कर दी।
- पिछले 17 घंटों से टीमें लगातार काम कर रही हैं
- टूटे हुए गेट को दुरुस्त करने की कोशिश जारी
- प्रभावित गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा
लगातार पानी बहने के कारण जलाशय का स्तर तेजी से कम हो रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि स्थिति को जल्द नियंत्रण में ले लिया जाएगा।
👉 फिलहाल किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हालात पर नजर बनाए रखी जा रही है।



