सतीश शर्मा
बलौदा बाजार, 22 मार्च 2026
वन विभाग द्वारा संचालित ‘युवान’ (YUVAN) कार्यक्रम के तहत रविवार सुबह छुइहा बांध पर बर्ड वॉक का आयोजन किया गया। डीएफओ गणवीर धम्मशील की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा के नेतृत्व में प्रकृति प्रेमियों ने पक्षियों की विविधता को करीब से समझा।

सुबह 6:15 बजे वन कार्यालय से रवाना हुआ 10 लोगों का दल छुइहा बांध पहुंचा, जहां प्रतिभागियों को पक्षियों की पहचान के विभिन्न तरीके सिखाए गए। विशेषज्ञ हेमंत वर्मा ने बताया कि पक्षियों को केवल रंग-रूप से नहीं, बल्कि उनकी आवाज, उड़ान शैली और खान-पान की आदतों से भी पहचाना जा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों ने घोंसलों और प्राकृतिक आवास का भी अवलोकन किया।

45 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान
बर्ड वॉक के दौरान कुल 45 प्रजातियों के पक्षियों को चिन्हित किया गया। जलाशय और आसपास के पेड़ों पर पक्षियों की बड़ी संख्या देखने को मिली। प्रमुख रूप से यूरेशियन कूट और यूरेशियन मूरहेन की करीब 100-100 संख्या दर्ज की गई। इसके अलावा ग्रे-हेडेड स्वैम्पेन, व्हाइट-ब्रेस्टेड वाटरहेन, ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट, ग्रे फ्रेंकोलिन (तीतर), लाफिंग डव, स्पॉटेड डव, एशियन कोयल, ग्रेटर कूकल और व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर भी नजर आए।
ब्लैक काइट, पाइपेट और रेड-वॉटल्ड लैपविंग जैसे पक्षियों की उपस्थिति ने इस अनुभव को और खास बना दिया।

संरक्षण के प्रति जागरूकता पर जोर
इस प्रकृति यात्रा में नरेन्द्र वर्मा, कुम्भज कुमार, टिकेश्वर निषाद, रिकेश्वर पैकरा, लोकेश यादव, अंजू वर्मा, टीना वर्मा, तन्वी मालकी, लावी मालकी और एरिक मालकी सहित 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा ने बताया कि इस समय पक्षी पलायन की तैयारी में रहते हैं, ऐसे में उनके व्यवहार को समझने के लिए यह वॉक बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि ‘युवान’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



