जांजगीर, 23 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मामूली विवाद के बाद आर्मी के रिटायर्ड हवलदार ने एक युवक पर गोली चला दी।

जानकारी के मुताबिक, पामगढ़ के विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने जब उसे ऐसा करने से रोका, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास, जो आर्मी से रिटायर्ड हवलदार है, अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा और गुस्से में आकर पंकज कश्यप पर फायरिंग कर दी। गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलशन श्रीवास को हिरासत में ले लिया। साथ ही उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।



