धमतरी, 27 मार्च 2026/ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर में हेरोइन (चिट्टा) बेच रहे एक सप्लायर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यादव समाज क्षेत्र के पास एक युवक अवैध रूप से नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने आमातालाब स्थित यादव समाज भवन के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान आरोपी ऋषभ सोनी (26 वर्ष) को मौके पर ही हेरोइन बेचते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से करीब 1.45 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 29,000 रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत करीब 5,000 रुपये) बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



