बीजापुर, 28 मार्च 2026/ जिले के गोरना और मनकेली गांव में बन रही मुरमिकरण सड़क अब विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार पर बिना वन विभाग की अनुमति के पेड़ों की कटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ ने जांच टीम गठित कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी सुविधाओं से जहां विकास की उम्मीद जगी है, वहीं महुआ, टोरा और इमली जैसे आजीविका के महत्वपूर्ण पेड़ों की कटाई से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने न तो ग्रामीणों से सहमति ली और न ही वन विभाग से अनुमति।

इसके अलावा ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे ही जेसीबी से मिट्टी और मुरुम की खुदाई की जा रही है, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। ये गड्ढे अब ग्रामीणों के लिए हादसे का खतरा बन चुके हैं।
ग्रामीणों ने काम को तत्काल रोकने और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई के साथ पेनाल्टी लगाने की मांग की है।
मामले पर डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े ने कहा कि जांच टीम गठित कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



