सतीश शर्मा
रायपुर, 28 मार्च 2026। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत आयोजित तैराकी प्रतियोगिताओं का आज समापन हुआ, जिसमें देशभर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने 123 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि असम (69 अंक) प्रथम रनरअप और ओडिशा (31 अंक) द्वितीय रनरअप रहा।

महिला वर्ग में ओडिशा ने 102 अंकों के साथ दबदबा बनाते हुए चैंपियनशिप जीती। कर्नाटक 50 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ 38 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
छत्तीसगढ़ की तैराक अनुष्का भगत ने लगातार चौथा रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। उन्होंने महिला 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता की अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कर्नाटक के धोनिश ने स्वर्ण, असम के फर्मिनो एमोन लालुंग ने रजत और कर्नाटक के कीर्थन शरथ ने कांस्य पदक जीता। वहीं महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल में ओडिशा की रितिका मिन्ज ने स्वर्ण, कृष्णा प्रिया नायक ने रजत और असम की वायोलिना क्रो ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक में असम के निबिर निलिम क्रो ने स्वर्ण, कर्नाटक के धोनिश ने रजत और ओडिशा के राजेश सोरेन ने कांस्य पदक जीता। महिला 50 मीटर बैकस्ट्रोक में ओडिशा की अंजलि मुंडा ने स्वर्ण, छत्तीसगढ़ की अनुष्का भगत ने रजत और कर्नाटक की मेघांजली ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
रिले स्पर्धाओं में पुरुष 4×100 मीटर मेडले में कर्नाटक ने स्वर्ण, असम ने रजत और त्रिपुरा ने कांस्य पदक जीता। वहीं महिला 4×100 मीटर मेडले में ओडिशा ने स्वर्ण, त्रिपुरा ने रजत और गुजरात ने कांस्य पदक हासिल किया।
अब तक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 8 पदक (1 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य) जीते हैं और पदक तालिका में छठे स्थान पर बना हुआ है। कर्नाटक और ओडिशा का दबदबा देखने को मिला, वहीं छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं।



