बिलासपुर, 30 मार्च 2026 जिले में बर्ड फ्लू के फैलने के बीच रविवार को दिल्ली से बड़ी मात्रा में चूजों की खेप बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। प्रशासन ने मुर्गियों की बिक्री और सप्लाई पर पहले ही रोक लगा रखी थी, लेकिन चूजों की खुलेआम सप्लाई ने चिंता बढ़ा दी है।

स्टेशन पर चूजों को खुले तौर पर उतारा गया, जहां न तो किसी प्रकार की विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई और न ही प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। आसपास बर्ड फ्लू को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
शहर के निकट कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में 30 हजार से अधिक मुर्गियों और पक्षियों की बर्ड फ्लू के कारण मौत हो चुकी है। तब से कलेक्टर संजय अग्रवाल ने हाई अलर्ट जारी कर सभी मुर्गी फार्म बंद कर दिए थे।
रविवार को तखतपुर क्षेत्र में भी मुर्गियों की मौत की पुष्टि हुई। मुर्गी फार्म संचालक ने मृत मुर्गियों को लापरवाही से खुले में फेंक दिया, जिन्हें कुत्ते नोच-नोच कर खा रहे थे। प्रशासन ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
जिला प्रशासन ने बर्ड फ्लू से निपटने के लिए कलेक्टोरेट भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आम नागरिक और विभागों के बीच सूचना का आदान-प्रदान इसी के माध्यम से होना चाहिए। इसके लिए लैंडलाइन नंबर 07752-251000 जारी किया गया है। बावजूद इसके चूजों की सप्लाई खुलेआम जारी रहने से संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर तुरंत नियंत्रण न किया गया तो यह गंभीर स्वास्थ्य संकट में बदल सकता है।



