सतीश शर्मा
रायपुर, 31 मार्च 2026। संवेदनशील शासन और त्वरित निर्णय क्षमता की मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी में एक दिव्यांग ग्रामीण की समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया।

कायस्थ मंगल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान चंदखुरी निवासी दिव्यांग चंदूलाल वर्मा मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें रोक दिया गया। तभी मुख्यमंत्री की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देकर उन्हें मंच पर बुलवाया।
मंच पर पहुंचकर चंदूलाल ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वे पहले राजमिस्त्री का काम करते थे, लेकिन शुगर और डायबिटिक फुट की बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हो गए हैं। आर्थिक तंगी के चलते वे काम भी नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसिकल की जरूरत है।
मुख्यमंत्री साय ने उनकी बात गंभीरता से सुनते हुए तुरंत सहायता राशि प्रदान की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें जल्द से जल्द बैटरी संचालित ट्राईसिकल उपलब्ध कराई जाए।
सीएम के निर्देश के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतीक बैस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदूलाल वर्मा को मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध करा दी।
मदद मिलने पर भावुक हुए चंदूलाल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री उनसे मिलेंगे और इतनी जल्दी उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।
यह घटना बताती है कि राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और जरूरतमंदों तक तुरंत राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



