सतीश शर्मा
रायपुर, 02 अप्रैल 2026। राजधानी के लोकभवन में आज विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए।

राज्यपाल डेका ने कहा कि यह अवसर विभिन्न राज्यों की समृद्ध विरासत, ऐतिहासिक परंपराओं और विकास यात्रा को याद करने का महत्वपूर्ण मौका है। उन्होंने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान का उद्देश्य भाषा, संस्कृति और परंपराओं के जरिए राज्यों के बीच आपसी समझ और जुड़ाव को मजबूत करना है, जिससे देश की एकता और अखंडता सशक्त होती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान 140 करोड़ देशवासियों को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाषा, वेशभूषा और खान-पान भले अलग हों, लेकिन “अनेकता में एकता” भारत की सबसे बड़ी पहचान है।
कार्यक्रम में मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव, बिहार, राजस्थान और ओडिशा का स्थापना दिवस मनाया गया। राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी और उनकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपनी संस्कृति, परंपरा और विशेषताओं को प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय के सेवानिवृत्ति पर सम्मान किया गया।
उप सचिव निधि साहू द्वारा लिए गए देहदान के संकल्प की भी सराहना की गई।



