सतीश शर्मा
रायपुर, 2 अप्रैल 2026। विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना अब गाँवों में विकास की नई कहानी लिख रही है। जिन क्षेत्रों में कभी बस नहीं पहुँचती थी, आज वहाँ बस की आवाज़ के साथ लोगों के चेहरों पर खुशी और उम्मीद साफ नजर आ रही है।

गाँवों में बस सेवा शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई, कर्मचारियों की ड्यूटी और आम लोगों की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई है। लोग बताते हैं कि पहले उन्हें पैदल या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुँच पा रहे हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों में महिलाओं को राहत
जशपुर जिला के बगीचा विकासखंड के सन्ना गाँव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें काम पर जाने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पहाड़ी रास्तों में पैदल या लिफ्ट लेकर जाना पड़ता था, लेकिन अब बस सेवा शुरू होने से उनकी समस्या दूर हो गई है।
ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
ग्राम मरंगी के दशरथ भगत कहते हैं कि पहले इस सड़क पर बस नहीं चलती थी, जिससे उन्हें पैदल आना-जाना पड़ता था। अब बस शुरू होने से वे आसानी से बगीचा जाकर समय पर लौट आते हैं। वहीं मंगलराम जैसे ग्रामीण भी बताते हैं कि अब बाजार तक पहुँचना आसान हो गया है और समय की बचत हो रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से न सिर्फ़ यात्रा सुगम हुई है, बल्कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुँच भी आसान हुई है। यह योजना दूरस्थ और पहाड़ी इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए “विकसित भारत” के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है।



