सतीश शर्मा
रायपुर, 3 अप्रैल 2026: थाना अभनपुर क्षेत्र में ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव का राज पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में मृतक की पहचान के साथ-साथ हत्या में शामिल एक महिला और दो नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी माईकल सैनी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

मामला तब उजागर हुआ जब मुरूम के गड्ढे में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। प्रारंभिक जांच में डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम कर बताया कि गर्दन पर गहरा आघात और श्वासनली में चोट के कारण मृतक अधमरा होकर दफन किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आरोपी श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला मुजगहन, रायपुर, और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था। 16 मार्च की रात विवाद के बाद श्याम सुंदर सोनी ने अपने अन्य कर्मचारियों को ऑटो में लेकर मृतक को मारपीट कर खट्टी-ढोढ़रा के बीच तालाब के पास मुरूम खदान में दफन कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑटो वाहन, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया है। फरार आरोपी माईकल सैनी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले में धारा 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी ने कहा: “जांच अभी जारी है। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।”



