सतीश शर्मा
रायपुर, 04 अप्रैल 2026| भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अब “अपराध एवं अपराधियों को संरक्षण देने वाली” बन गई है। उन्होंने आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में शासकीय जमीन की कथित अवैध खरीदी-बिक्री के मामले को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों पर निशाना साधा।

भाजपा कार्यालय, एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि ग्राम पंचायत गोढ़ी की सरकारी जमीन को अवैध तरीके से कांग्रेस से जुड़े लोगों के नाम पर दर्ज कर खरीदी-बिक्री की गई। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से आपराधिक कृत्य बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव, सरपंच और उपसरपंच की मिलीभगत रही है। मामले की शिकायत मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में की गई है और प्रशासन स्तर पर जांच जारी है।
डॉ. मार्कण्डेय के अनुसार, ग्राम गोढ़ी के पूर्व सरपंच गोपाल धीवर, जो वर्तमान में कांग्रेस के सेक्टर प्रभारी हैं, और उनकी पत्नी (जनपद सदस्य) पर भी आरोप हैं। उन्होंने बताया कि प्रगति मिश्रा के नाम पर करीब 4 एकड़ शासकीय भूमि बिना वैध प्रक्रिया के आवंटित की गई, जबकि उस पर कब्जा भी नहीं था।
इसके अलावा, मंदिरहसौद नगर पालिका के वार्ड-12 से कांग्रेस पार्षद अनुज मिश्रा पर भी गलत तरीके से 20 वर्षों से कब्जा दिखाकर जमीन आबंटित कराने का आरोप लगाया गया। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग के महामंत्री प्रवीण सिंह पर भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप है।
भाजपा नेता ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में शामिल कई संदिग्ध अभी फरार हैं, लेकिन कांग्रेस ने अब तक अपने किसी पदाधिकारी पर कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार ऐसे मामलों में आरोपियों को बचाने का काम करती रही है।
डॉ. मार्कण्डेय ने सूरजपुर और बलौदा बाजार की घटनाओं का हवाला देते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही है।
पत्रकार वार्ता में रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी मौजूद रहीं।



