सतीश शर्मा
रायपुर, 06 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के स्मृति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भारत माता की आराधना कर पार्टी के पितृ पुरुषों एवं विजया राजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सीएम साय ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि उन महान विभूतियों के त्याग, तप और समर्पण को याद करने का अवसर है, जिन्होंने पार्टी को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रवाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को पार्टी की मूल विचारधारा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘Nation First, Party Next, Self Last’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भाजपा ने राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध वाक्य “अँधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा” को याद करते हुए कहा कि यह विश्वास आज देशभर में साकार हो रहा है।
सीएम साय ने कहा कि इसी संकल्प और समर्पण के साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा में जुटा हुआ है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



