मीडिया 24 डेस्क
बिलासपुर, 07 अप्रैल 2026। पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने एक नई पहल “सियान चेतना” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर से सक्रिय भूमिका में जोड़ा जा रहा है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में शुरू इस पहल का उद्देश्य अनुभवी पुलिसकर्मियों के ज्ञान और अनुभव का लाभ उठाकर कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना है। इसके तहत सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अब समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करेंगे।
इस संबंध में पुलिस मैदान स्थित बिलासा गुड़ी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वर्तमान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे और आरआई भूपेंद्र गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को अहम जिम्मेदारी
अभियान के तहत रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक जागरूकता फैलाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वे मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए आम लोगों की समस्याओं को समझेंगे और समाधान में सहयोग करेंगे।
तकनीक और अनुभव का संगम
बिलासपुर पुलिस पहले से ही ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। अब “सियान चेतना” अभियान के जरिए अनुभवी पुलिसकर्मियों को जोड़कर तकनीक और अनुभव का बेहतर समन्वय किया जा रहा है। साथ ही बीट सिस्टम को और प्रभावी बनाकर क्षेत्रीय निगरानी मजबूत की जा रही है।
जनता का बढ़ेगा विश्वास
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि इस पहल से पुलिस विभाग को मजबूती मिलेगी और आम जनता का विश्वास भी बढ़ेगा। समाज में सम्मानित रिटायर्ड पुलिसकर्मी लोगों और पुलिस के बीच संवाद को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह पहल भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।



