सतीश शर्मा
रायपुर, 08 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों के शैक्षणिक कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य स्तरीय प्राचार्य बैठक का आयोजन 09 अप्रैल को पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज ग्राउंड, रायपुर में होगा। इस बैठक की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे। बैठक में राज्यभर के लगभग 751 विद्यालयों के प्राचार्य हिस्सा लेंगे।
बैठक में आगामी शिक्षा सत्र के बोर्ड परीक्षा परिणामों के लक्ष्य निर्धारण, नीट (NEET) एवं जेईई (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों की सफलता बढ़ाने की रणनीति, प्रवेश प्रक्रिया, अंग्रेजी भाषा दक्षता सुधार, पीटीए बैठकों की समीक्षा और पालक-अधिकारियों की भूमिका पर चर्चा होगी। इसके अलावा सह-शैक्षणिक गतिविधियों की उपलब्धियों, विद्यालयों के आकर्षक शैक्षणिक वातावरण निर्माण, स्मार्ट क्लास एवं पुस्तकालय के उपयोग, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार और नवाचार गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी संबंधित प्राचार्यों की बैठक में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें।



