सतीश शर्मा
रायपुर, 11 अप्रैल 2026

शनिवार को सक्षम महिला आयाम छत्तीसगढ़ प्रांत का वार्षिक कार्यक्रम “महिला सम्मान समारोह” संतोष अग्रवाल ग्रोथ अकैडमी, कोपलवाणी मूकबधिर दिव्यांग संस्थान, ग्राम सेमरिया (रायपुर) में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शताब्दी पांडेय, सक्षम के संगठन मंत्री रामजी राजवाड़े, प्रांताध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र शुक्ला, आनंद सिंघानिया, जैनेन्द्र जैन, अनूप पांडे, अंजली चावड़ा, इंदिरा जैन, पदमा शर्मा, शरद चंद्रा सहित कई पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रायपुर से जिलाध्यक्ष डॉ. नम्रता सिरमौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप कोपलवाणी दिव्यांग छात्रों द्वारा बनाई गई बस्तर की पारंपरिक चित्रकला भेंट की गई, जिसने आयोजन को विशेष भावनात्मक आयाम दिया।
इस दौरान रामजी राजवाड़े ने “पंच परिवर्तन” विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया, वहीं डॉ. नम्रता सिरमौर ने “जागरूक परिवार, स्वस्थ शिशु” विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि कौशल्या साय ने सक्षम द्वारा समाज में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों के प्रति समाज की जिम्मेदारियों को याद दिलाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सक्षम परिवार ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “सक्षम भारत, समर्थ भारत” का संदेश दिया। साथ ही “जीते जी रक्तदान, जाते-जाते नेत्रदान, देहदान महादान” जैसे सामाजिक संदेशों का भी प्रसार किया गया।



