मीडिया 24 डेस्क
जगदलपुर, 14 अप्रैल 2026/जगदलपुर में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 54 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 26 लाख 97 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के गोयल धर्मशाला में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं और अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल हैं। सूचना के आधार पर बस्तर पुलिस की टीम ने बोधघाट थाना क्षेत्र में दबिश दी और मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान निवासी बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास और देशराज कुशवाहा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश निवासी पंकज उपरेती तथा सुकमा के राम सिंह और दुबराज कश्यप शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुकमा के आरोपी इस गिरोह में मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। वे मलकानगिरी से गांजा लाकर जगदलपुर तक पहुंचाते थे, जहां से अन्य सदस्य इसे अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और तस्करी के पूरे रूट का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को बस्तर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा झटका लगा है।



