सतीश शर्मा
रायपुर, 16 अप्रैल 2026

राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोहित उइके उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो प्रेम नगर, गुढ़ियारी का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से ही 12 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 16 अप्रैल को गुढ़ियारी पुलिस को सूचना मिली कि गोंदवारा अंडर ब्रिज के पास एक व्यक्ति हथियार के साथ घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जब आरोपी से हथियार के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।



