रायगढ़, 17 अप्रैल 2026/ जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में दूसरे दिन भी अवैध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार ट्रकों से भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त किया है।

एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने बेरियर पर सघन नाकेबंदी कर कोरबा की ओर से आ रहे चार संदिग्ध ट्रकों को रोका। जांच में सभी ट्रकों में अवैध रूप से लोहा, पाइप, एंगल और स्क्रैप लोड पाया गया। पुलिस ने कुल 81.02 टन कबाड़ जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 34.13 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं चारों ट्रकों की कीमत लगभग 48 लाख रुपए बताई गई। इस तरह कुल 82.13 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी से छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नसिर खान के नेतृत्व में टीम ने नाकेबंदी कर ट्रकों को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान चारों ट्रकों के चालक—छोटे लाल यादव, नरसिंग यादव, छबिनाथ प्रसाद और अरविंद कुमार सिंह—को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान किसी भी चालक द्वारा कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने चारों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर धारा 35 (क) (ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई से जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।



