कांकेर (छत्तीसगढ़), 20 अप्रैल 2026// परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय रहे नक्सली दासरू ने सोमवार को आमाबेड़ा थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि हाल ही में तेलंगाना कैडर की नक्सली रूपी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद संगठन में दहशत का माहौल है, जिसके चलते कई नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पण की पुष्टि करते हुए बताया कि दासरू लंबे समय से परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय था। आत्मसमर्पण के बाद उसे राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत प्रारंभिक सहायता प्रदान की गई।
सरकार की पुनर्वास योजना के अनुसार दासरू को तत्काल 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। इसके अलावा उसे तीन वर्षों तक मासिक स्टाइपेंड, निःशुल्क आवास-भोजन, कौशल प्रशिक्षण, कृषि भूमि और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
प्रशासन का कहना है कि लगातार चल रहे अभियान और पुनर्वास नीति के चलते नक्सली संगठन कमजोर हो रहा है और कई सदस्य हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं।



