मीडिया 24 डेस्क
रायगढ़, 21 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ढाई साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने ही की।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कापू थाना क्षेत्र का है। शुरुआत में आरोपी महिला ने पुलिस को अपने बच्चे के लापता होने की सूचना दी और इसे अपहरण का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। महिला ने ऐसी कहानी गढ़ी, जिससे मामला गंभीर अपहरण की दिशा में जाता नजर आया।
हालांकि, पुलिस जांच के दौरान महिला के बयान और घटनाक्रम में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर महिला से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने सबूत छिपाने के इरादे से बच्चे के शव को जंगल की खाई में फेंक दिया।
महिला की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से खून के निशान और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद किया गया। कुछ ही देर बाद जंगल से मासूम का शव भी बरामद कर लिया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस पूरे घटनाक्रम पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। वैज्ञानिक जांच के चलते ही इस मामले का खुलासा हो सका और आरोपी को कानून के कटघरे में लाया गया है।



