सतीश शर्मा
रायपुर | 21 अप्रैल 2026

रायपुर में आयोजित ‘प्रांतीय हिंदू राष्ट्र अधिवेशन’ के दौरान राज्य में कथित रूप से धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए बनाए गए कानून और नक्सलवाद उन्मूलन के प्रयासों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सम्मान किया गया। यह सम्मान हिंदू जनजागृति समिति और गोरक्षक संगठनों के संयुक्त शिष्टमंडल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शिष्टमंडल ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद पर नियंत्रण और कथित लव जिहाद एवं धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का समाज के एक वर्ग द्वारा स्वागत किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा के उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी मौजूद रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री का सम्मान किया।
शिष्टमंडल में हिंदू जनजागृति समिति के महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ संगठक, मंदिर महासंघ के प्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। बैठक में गौ-सेवा से जुड़े मुद्दों और गोरक्षकों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा, कानूनी सहायता और अन्य व्यवस्थाओं की मांग उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने इसे कैबिनेट स्तर पर विचार के लिए रखने की बात कही।
इसके साथ ही शिष्टमंडल ने मंदिरों की भूमि संरक्षण, गौ-सेवा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और निजी संस्थानों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी ज्ञापन सौंपा।



