सतीश शर्मा

रायपुर/शिवरीनारायण, 25 अप्रैल 2026
शिवरीनारायण में 27 अप्रैल से 5 मई 2026 तक 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन तुलसी पीठाधीश्वर पद्मविभूषण जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा।
रायपुर के मोतीबाग स्थित मधुकर खेर स्मृति प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. अशोक हरिवंश एवं विशाल खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति भाव से जुड़ सकेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन हरिवंश कृपा राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआ धाम, कुरियारी (शिवरीनारायण) में किया जाएगा, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों ने इसे क्षेत्र के लिए दुर्लभ और सौभाग्यशाली अवसर बताया है।
आयोजन को सामाजिक समरसता से जोड़ते हुए विशेष दिनों की भी व्यवस्था की गई है। इसमें दिव्यांगजनों, रक्तदाताओं, कुष्ठ रोगियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही वासुदेवानंद सरस्वती, किन्नर अखाड़ा की कौशल्या नंद गिरी, और अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन की भी सूचना है।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने बताया कि यह कथा उसी मंदिर में हो रही है जिसकी स्थापना और विकास उनके मार्गदर्शन में हो रहा है। यह मंदिर 151 फीट ऊंचा बनने जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है।
आश्रम परिसर में धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा के कार्य भी चल रहे हैं। यहां किसानों के हित, निर्धन कन्याओं के विवाह एवं अन्य कल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। भविष्य में इसे वैदिक विद्यालय के रूप में विकसित करने की योजना है।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य श्रीराम कथा का लाभ लेने की अपील की है।



