कवर्धा, 27 अप्रैल 2026

कबीरधाम जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। पिपरिया नगर पंचायत से गांगपुर तक बन रही 3.80 किलोमीटर लंबी सड़क का कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल निर्माण कार्य की प्रगति देखी, बल्कि मौके पर ही सड़क की खुदाई कर अंदरूनी परतों की गुणवत्ता की जांच भी की।
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डामरीकरण, गिट्टी-बजरी और अन्य निर्माण सामग्री की बारीकी से जांच की और तकनीकी उपकरणों की मदद से गुणवत्ता का आकलन किया।
प्रशासनिक जांच के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदारों की मौजूदगी में निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति सामने लाई गई। प्रारंभिक तौर पर सड़क की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, हालांकि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण सामग्री के सैंपल लैब परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।
अचानक हुए इस निरीक्षण से निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे पिपरिया और गांगपुर क्षेत्र के लोगों ने इस निर्माण कार्य को राहत की उम्मीद के रूप में देखा है।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।



