सतीश शर्मा
रायपुर, 28 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित भारतमाला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरुद में 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी, चांदी और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

ED की टीम ने तलाशी के दौरान करीब 66.9 लाख रुपये नकद और 37 किलो से अधिक चांदी जब्त की है। इसके अलावा कई डिजिटल डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं, जिनसे घोटाले की परतें खुलने की संभावना जताई जा रही है।
यह कार्रवाई ACB/EOW की FIR के आधार पर शुरू की गई है। मामले में तत्कालीन SDO निर्भय साहू समेत अन्य आरोपियों पर सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर गलत तरीके से मुआवजा लेने का आरोप है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में गड़बड़ी कर खसरा रिकॉर्ड में बदलाव किया और छोटे-छोटे टुकड़े बनाकर अतिरिक्त मुआवजा हासिल किया। इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है।
ED ने इस पूरे मामले को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा अपराध मानते हुए जांच तेज कर दी है। फिलहाल आगे की जांच जारी है और कई और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।



