सतीश शर्मा
गरियाबंद/कालाहांडी, 29 अप्रैल 2026

ओडिशा के कालाहांडी जिले में बुधवार शाम आए भूकंप के झटकों से छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में भी दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई है। इसका केंद्र कालाहांडी जिला रहा, जिसकी गहराई लगभग 24 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप का असर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग और आसपास के क्षेत्रों में साफ तौर पर महसूस किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 7:42 बजे के आसपास 2 से 3 सेकेंड तक जमीन में तेज कंपन महसूस हुआ। अचानक आए झटके और हल्की तेज आवाज से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
कई ग्रामीणों ने बताया कि उस समय मौसम में बदलाव और बिजली चमकने के बीच अचानक जमीन हिलने से लोग घबरा गए। कुछ जगहों पर रखी हल्की वस्तुएं भी हिलती हुई नजर आईं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की बात बताते हुए कहा है कि अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि सीमावर्ती गांवों में कुछ कच्चे घरों में हल्की दरारें आने की आशंका जताई जा रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
देवभोग तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटकों की सूचना मिली है। इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और भूगर्भ विशेषज्ञों से अध्ययन कराया जाएगा।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे भूकंप मध्यम तीव्रता के होते हैं, लेकिन यदि दोबारा झटके महसूस हों तो लोगों को सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाना चाहिए और भारी वस्तुओं से दूर रहना चाहिए।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों में भूकंप के झटकों को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।



