बिलासपुर, 02 मई 2026
बिलासपुर में ICICI बैंक की मंगला शाखा में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। डिप्टी ब्रांच मैनेजर पर आरोप है कि उसने अपने पति के साथ मिलकर ग्राहकों के गोल्ड लोन में गिरवी रखे असली सोने को नकली आभूषणों से बदल दिया और फरार हो गई।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षर कर 87.95 लाख रुपए के 14 अवैध ट्रांजेक्शन किए, वहीं एक महिला ग्राहक के एफडी से ओवरड्राफ्ट के जरिए 28.29 लाख रुपए निकाल लिए। कई ग्राहकों के निवेश और एफडी से जुड़े दस्तावेज भी रिकॉर्ड से गायब पाए गए हैं।
घोटाले की कुल राशि 1.38 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जिसे अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच अंजाम दिया गया। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ग्राहकों के घर जाकर बैंकिंग सेवा के बहाने मोबाइल ऐप का एक्सेस लेती थी और इसी माध्यम से ठगी को अंजाम देती थी। दोनों आरोपी सितंबर 2025 से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।



