लोरमी/छत्तीसगढ़, 02 मई 2026//छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में टॉप करने वाले छात्र अंशुल को शनिवार को बड़ा सम्मान मिला। डिप्टी सीएम अरुण साव उसके घर पहुंचे और उसे विशेष रूप से सम्मानित किया।

डिप्टी सीएम ने अंशुल के परिजनों के साथ मुलाकात की और मिठाई खिलाकर उसकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। इस मौके पर उन्होंने अंशुल को एक खास तोहफा भी दिया।
तोहफा मिलते ही अंशुल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सामने जैसे ही गिफ्ट का रैपर खोला गया, उसका उत्साह और मुस्कान कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अंशुल ने इस वर्ष की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99.00 प्रतिशत अंक हासिल कर तीन टॉपर्स में जगह बनाई है। राज्यभर में कुल 42 छात्र मेरिट लिस्ट में शामिल हुए हैं, जिनमें कई छात्राओं का दबदबा रहा।
इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा का आयोजन 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 के बीच हुआ था, जिसमें लाखों छात्रों ने भाग लिया था। परिणामों के बाद अंशुल जैसे होनहार छात्रों को लगातार सम्मान और प्रोत्साहन मिल रहा है।



