सतना, 04 मई 2026
मध्यप्रदेश के सतना में अपना दल (एस) ने विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर आगामी चुनावों को लेकर अपनी सक्रियता का मजबूत संकेत दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी की बढ़ती ताकत का प्रदर्शन किया। इसके बाद सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित कर पार्टी नेताओं ने चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के नवनिर्वाचित कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह बिसेन ने किया, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के मार्गदर्शन का विशेष उल्लेख किया गया। अनुप्रिया पटेल ने अपने संदेश में कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, युवाओं को अवसर देना और सामाजिक न्याय को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन विस्तार का आह्वान किया।
राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाने की तैयारी में है। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही। वहीं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मालिकराम ने कहा कि आज की राजनीति में मजबूत जमीनी संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और सामाजिक समीकरणों की समझ ही सफलता की कुंजी है।
राष्ट्रीय सचिव कालकाप्रसाद पटेल ने पार्टी की विचारधारा को सामाजिक न्याय और समान भागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय है और तेजी से जनसमर्थन हासिल कर रहा है। कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह बिसेन ने कहा कि सतना से शुरू हुआ यह अभियान पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार का आधार बनेगा और हर जिले में कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प भी लिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से मध्यप्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प की चर्चा को बल मिल रहा है और आने वाले चुनावों में समीकरण बदलने की संभावना बढ़ रही है।



