6 Jun 2026, Sat

राजनांदगांव में सुशासन तिहार के तहत सीएम साय का दौरा : 642 करोड़ महतारी वंदन राशि ट्रांसफर, विकास कार्यों की सौगात

सतीश शर्मा

रायपुर 5 मई 2026/ सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजनांदगांव जिले के मोतीपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने जनकल्याण और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए महतारी वंदन योजना के तहत 27वीं किस्त के रूप में 68 लाख 52 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें राजनांदगांव–खैरागढ़ राजमार्ग के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से नवीन बाईपास निर्माण, टेड़ेसरा–घुमका–बाकल मार्ग (35 किमी) के चौड़ीकरण हेतु 75 करोड़ रुपये तथा धनगांव–इंदामरा–बाकल मार्ग के लिए 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रमुख हैं। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों के वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 8 में विकास कार्यों के लिए प्रत्येक वार्ड को 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे।

डोंगरगढ़ में माँ बम्लेश्वरी मंदिर के समीप 15 कमरों का सर्किट हाउस, जनपद पंचायत राजनांदगांव के नवीन भवन के लिए 1 करोड़ रुपये, हॉकी प्रशिक्षण हेतु नया खेल मैदान तथा महिला स्व-सहायता समूहों को पुनः रेडी-टू-ईट निर्माण कार्य की जिम्मेदारी देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की “जनता तक सीधी पहुँच” की कार्यशैली का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1 मई से प्रारंभ हुआ यह अभियान 10 जून तक चलेगा, जिसके माध्यम से प्रदेशभर में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : सीएम विष्णुदेव साय आज कांसाबेल और बिलासपुर दौरे पर, ‘मन की बात’ और ‘सार्थक संवाद 2026’ में होंगे शामिल, जानें पूरा कार्यक्रम...

उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के माध्यम से अब 400 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को घर बैठे सुविधा मिल रही है। साथ ही शीघ्र ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिसमें प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य होगा।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के प्रभाव पर कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने पीएम जनमन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री की जनसमर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे अत्यधिक गर्मी के बावजूद प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं, जो सुशासन के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने राजनांदगांव जिले में चल रहे औद्योगिक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्राम पटेवा में लगभग 345 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा ग्राम बिजेतला में 25 करोड़ रुपये की लागत से स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष श्रम कल्याण मंडल योगेश दत्त मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.