धमतरी, 5 मई 2026। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिहावा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, सांकरा नाका पर सोमवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मैनपुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट डस्टर (MH 45 AD 9001) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 38 पैकेटों में भरा 54.970 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 27 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से महाराष्ट्र निवासी अमोल अरुण ओढ़ेकर (33), तनिष गायकवाड (19) और ऋषिकेश (23) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले भी इसी सांकरा चेक पोस्ट पर सिहावा पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 127.09 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 63.54 लाख रुपए) जब्त किया था। उस मामले में भी तस्कर ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



