ब्यूरो रिपोर्ट
नई दिल्ली, 05 मई 2026

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय नागरिकों पर हुए हमलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी नाराजगी जताई है। इस घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत इस हमले की कड़ी निंदा करता है और यूएई के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने यह भी दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।
जानकारी के अनुसार, यूएई के फुजैराह स्थित ऑयल इंडस्ट्री जोन में यह हमला हुआ था। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह हमला ड्रोन और मिसाइलों के जरिए किया गया, जिसके बाद क्षेत्र में आग लग गई। स्थानीय सिविल डिफेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
यूएई प्रशासन के मुताबिक, हमले के दौरान 12 बैलिस्टिक मिसाइल, 3 क्रूज मिसाइल और 4 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। हालांकि एक मिसाइल समुद्र में गिर गई। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
यूएई ने आरोप लगाया है कि यह हमला ईरान की ओर से किया गया, हालांकि ईरान की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भारत सरकार ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे तुरंत हिंसा रोकें और आम नागरिकों को निशाना न बनाएं। भारत ने कहा है कि वह पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के लिए हर संभव प्रयास का समर्थन करता रहेगा।



