नई दिल्ली, 08 मई 2026

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पर्दाफाश किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आतंकियों ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे के मशहूर ढाबे और हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रची थी। इस मामले में 9 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।
स्पेशल सेल ने ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत दिल्ली समेत कई राज्यों में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मॉड्यूल का संबंध पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स से था और आरोपियों को सोशल मीडिया के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि एक आरोपी ने दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिर की रेकी कर वहां की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे। मॉड्यूल की योजना मंदिर परिसर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की थी।
सूत्रों के अनुसार, आतंकियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का भी टास्क मिला था। एजेंसियों का मानना है कि हमले का मकसद बड़ी जनहानि और अफरा-तफरी फैलाना था, क्योंकि इस ढाबे पर हर दिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है।
इसके अलावा हरियाणा के हिसार स्थित सैन्य कैंप की भी रेकी किए जाने का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने कैंप और आसपास के इलाकों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे थे। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी आतंकियों के निशाने पर थे।
स्पेशल सेल अब गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ कर मॉड्यूल के फंडिंग नेटवर्क, सीमा पार संपर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। एजेंसियों का कहना है कि मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



