सतीश शर्मा
रायपुर, 08 मई 2026। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों की राहत के लिए श्री लक्ष्मी गौ संरक्षण एवं सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा विशेष सेवा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रायपुर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को छाते एवं ORS घोल वितरित किए गए।

संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत उपाध्याय एवं मोहन महाराज ने बताया कि लगातार धूप और गर्मी में पुलिस कर्मी समाज की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए घंटों ड्यूटी करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सेवा अभियान आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि संस्थान केवल गौ सेवा ही नहीं, बल्कि मानव सेवा और सामाजिक कार्यों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इससे पहले भी संस्था द्वारा जरूरतमंदों के लिए कई सेवा कार्य किए जा चुके हैं और आगे भी इसी तरह सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान संस्थान के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



