सतीश शर्मा
रायपुर, 11 मई 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी साबित करती है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठन छात्र हितों की रक्षा करने के बजाय उनके भविष्य को बाजार में बेचने का काम कर रहे हैं। राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव के कथन ‘बड़ा नेता बनना है तो जेल जाओ’ के परिप्रेक्ष्य में तंज कसते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस में नेता बनने का यही एकमात्र मापदण्ड है और क्या वेणु उसी राह पर चल रहा है?
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि जिस संगठन को छात्रों की समस्याओं के लिए लड़ना चाहिए, उसका नेता महज तीन-तीन हजार रुपए में प्रश्नपत्र बेचते पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि कांग्रेस से जुड़े लोग शिक्षा के मंदिर तक को भ्रष्टाचार और अपराध का अड्डा बना चुके हैं। कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब पीएससी जैसे बड़े घोटाले कर नौजवानों के भविष्य को चौपट किया गया। अब सत्ता से बाहर होने के बाद भी इनकी आदतें नहीं बदली हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में आरोपी द्वारा साक्ष्य मिटाने की कोशिश यह दर्शाती है कि यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा सिंडीकेट काम कर रहा है, जिसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। राहुल टिकरिहा ने कहा कि पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। इससे स्पष्ट होता है कि इन तत्वों को कांग्रेस का खुला संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा युवाओं को ठगा है। पहले बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छला और अब उनके कठिन परिश्रम को पेपर लीक के जरिए नीलाम किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एनएसयूआई का नाम अब ‘नकल कराओ, सबसे उगाही करो’ संस्थान हो जाना चाहिए।
राहुल टिकरिहा ने इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच हो ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एक ग्रामीण पृष्ठभूमि से आकर शहर में सक्रिय रहने वाले इस नेता के पीछे और कौन-कौन से ‘बड़े हाथ’ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजयुमो प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।



